विजयदशमी पर महुली पुलिस की अनोखी पहल, थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों को दिलाई गई अपराध छोड़ने और सदाचरण की शपथ !
संतकबीरनगर !
जनपद में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संतकबीरनगर पुलिस लगातार कड़े और सकारात्मक कदम उठा रही है। इसी कड़ी में विजयदशमी के पावन पर्व पर थाना महुली पुलिस ने एक अनूठी पहल करते हुए थाना क्षेत्र के सभी हिस्ट्रीशीटरों को थाने पर बुलवाया और उन्हें अपराध का रास्ता हमेशा के लिए छोड़कर सदाचरण अपनाने की शपथ दिलाई।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र के पर्यवेक्षण में यह विशेष अभियान चलाया गया।
कानून हाथ में न लेने की दी गई सख्त हिदायत –
थानाध्यक्ष महुली श्री दुर्गेश कुमार पाण्डेय ने सभी हिस्ट्रीशीटरों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि वे मारपीट, धमकी, दबंगई और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहें। उन्हें समझाया गया कि किसी भी विवाद या समस्या की स्थिति में वे कानून अपने हाथ में न लें, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना दें।

समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का संदेश-
पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों और अपराधियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपराध की दुनिया छोड़कर एक आम नागरिक की तरह जीवन जिएं और समाज की मुख्यधारा में सकारात्मक भूमिका निभाएं।
संतकबीरनगर पुलिस का संदेश:
“अपराध से दूर रहें, कानून का सम्मान करें और अपने परिवार एवं समाज के उज्ज्वल भविष्य में सकारात्मक योगदान दें।”
