श्रीराम के बाण से रावण का अंत, जयकारों से गूंजा रामलीला मैदान!
मेघनाद ने लक्ष्मण को किया मूर्छित, हनुमान संजीवनी बूटी लेकर पहुंचे; रावण दहन देखने उमड़े हजारों दर्शक !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
रिसिया नगर के रामलीला मैदान में आयोजित विजयादशमी महोत्सव के दसवें दिन मथुरा-वृंदावन से आए रासलीला मंडली के कलाकारों ने राम-रावण युद्ध का मनोहारी मंचन किया। राम सेना और रावण सेना के बीच हुए युद्ध में मेघनाद ने नागपाश का प्रयोग कर लक्ष्मण को मूर्छित कर दिया। इसके बाद हनुमान जी संजीवनी बूटी लेकर पहुंचे। वैद्य के संजीवनी बूटी पिलाने पर लक्ष्मण को होश आ गया। इसके बाद युद्ध फिर शुरू हुआ।
राम-रावण युद्ध के मंचन के दौरान जैसे ही भगवान श्रीराम का बाण रावण को लगा, उसका अंत हो गया। रावण वध होते ही पूरा रामलीला मैदान भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद मैदान में स्थापित रावण के पुतले का दहन किया गया। पुतले में आग लगते ही वह धू-धूकर जलने लगा। आतिशबाजी और पटाखों की गूंज के बीच लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व मनाया।
विजयादशमी महोत्सव को लेकर रामलीला मैदान में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों की संख्या में पहुंचे दर्शकों ने रामलीला का आनंद लिया और रावण दहन के साक्षी बने।
इस मौके पर अध्यक्ष मदन गोपाल यज्ञसैनी, जयप्रकाश अग्रहरि, मनीष गुप्ता, राजेश निगम, अशोक गुप्ता, डॉ. राजू निगम, महेश अग्रवाल, प्राचार्य डॉ. गणेश प्रसाद, अशोक शर्मा सभासद, कृष्ण कुमार अग्रहरि, इंद्र बहादुर सिंह, शनि वैश्य, सुनील वैश्य, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, नंदन श्रीवास्तव और जगदीश प्रसाद गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
