दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद ने चौकी प्रभारियों के साथ की अहम बैठक !
संतकबीरनगर –
आगामी दशहरा पर्व और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन में, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद श्री प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने थाना कोतवाली खलीलाबाद परिसर में समस्त चौकी प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक के दौरान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों की निगरानी, सघन गश्त व्यवस्था तथा संभावित विवादित बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

चौकी प्रभारियों को दिए गए सख्त निर्देश-
क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद ने सभी चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने चौकी क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार की अफवाह या अप्रत्याशित स्थिति की सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप त्योहार को पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और कानून-व्यवस्था के दायरे में संपन्न कराना हम सबकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
