आकांक्षी ब्लाक हुजूरपुर में सीडीओ की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न!
विकास खण्ड कार्यालय का किया निरीक्षण !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 16 अक्टूबर।
आकांक्षात्मक विकास खण्ड हुजूरपुर में गुरुवार को आयोजित समस्त विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रमुख सूचकों में सुधार लाने के उद्देश्य से प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विकास खण्ड के समस्त ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से ‘सास-बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन कराया जाए। इन सम्मेलनों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, पोषण तथा संस्थागत प्रसव के प्रति ग्रामीण महिलाओं को जागरूक किया जाए, जिससे स्वास्थ्य संबंधी संकेतकों में सुधार हो सके।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि मिशन के निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। लक्ष्य पूरे न होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। बीडीओ को निर्देश दिया गया कि मिशन के अंतर्गत गठित समूहों एवं संबंधित गतिविधियों की प्रगति सुनिश्चित करने के साथ-साथ लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करें। आंगनबाड़ी केंद्रों को सुदृढ़ बनाने के लिए मॉडल एवं अनुपूर्ण भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए स्वीकृत भवनों का निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग कराये जाने के निर्देश दिये। इस सम्बन्ध में एडीओ (पं.) को नोडल अधिकारी नामित करते हुए नियमित भौतिक निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मौके पर अनुपस्थित पंचायत सहायकों एवं अन्य कर्मचारियों के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा पंचायत सचिवों एवं तकनीकी सहायकों के कार्यों का नियमित पर्यवेक्षण करने तथा कार्यों में शिथिलता बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा के दौरान सीडीओ द्वारा प्रत्येक ग्राम पंचायत में शौचालय निर्माण, ओडीएफ प्लस व्यवस्था तथा ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन के कार्यों को शत-प्रतिशत संतृप्त करने, ग्राम पंचायतों में स्वच्छता संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिये गये। उन्होंने सचेत किया कि कार्यों में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित पंचायत सचिवों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सीडीओ ने प्रशासनिक पारदर्शिता एवं जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए बीडीओ को निर्देशित किया कि कार्यालय में प्राप्त शिकायतों एवं प्रकरणों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों में अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया जाएगा। पी.एम. आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए सीडीओ आवास निर्माण का लक्ष्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने तथा जिन लाभार्थियों को आवास की दूसरी किस्त प्राप्त नहीं हुई है, उनके मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समय पर मिल सके।
विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के दृष्टिगत सीडीओ द्वारा बीडीओ को निर्देशित किया ब्लाक अन्तर्गत प्राथमिक विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में कायाकल्प योजना के तहत मूलभूत सुविधाओं को शत-प्रतिशत संतृप्त कराएं तथा बच्चों को बेहतर शैक्षणिक एवं पोषण संबंधी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने आकांक्षी ब्लाक के मानकों पर विशेष ध्यान देते हुए निर्धारित सभी डेल्टा रैंकिंग मानकों में हुजूरपुर को अग्रणी बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए। सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करे तथा प्रगति में सुधार लाने के लिए प्रभावी कदम उठाए। कार्यालयों में साफ-सफाई एवं अभिलेखों को उचित ढंग से रख-रखाव करें।
सीडीओ श्री धनवंता ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही, अनियमितता अथवा जनसमस्याओं के निस्तारण में देरी पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर डीडीओ, पीडी डीआरडीए, उपायुक्त स्वतः रोजगार, बीडीओ हुजूरपुर तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
