महिला सुरक्षा को लेकर सक्रिय रिसिया पुलिस, छात्राओं को दी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी !
मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को किया जागरूक, महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के बताए तरीके !
राजकीय महिला पॉलिटेक्निक विद्यालय में पुलिस टीम ने छात्राओं को दी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी, मिष्ठान वितरित कर बढ़ाया उत्साह !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
महिलाओं की सुरक्षा, नारी सम्मान और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत थाना रिसिया पुलिस की ओर से राजकीय महिला पॉलिटेक्निक विद्यालय, रिसिया मोड़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा, नारी स्वावलंबन, साइबर अपराधों से बचाव और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की सहायता लेने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को नारी सम्मान, महिला सुरक्षा और बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं को गुड टच-बैड टच के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी असहज परिस्थिति में बिना भय और संकोच के अपने परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस को इसकी जानकारी दें।

साइबर अपराधों से बचने के बताए उपाय –
जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के संबंध में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि अनजान व्यक्तियों के साथ अपनी निजी जानकारी, ओटीपी और पासवर्ड साझा नहीं करना चाहिए। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए और ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन की मदद लेनी चाहिए।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी –
पुलिस टीम ने छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें पुलिस आपातकालीन सेवा के लिए 112, महिला पावर लाइन के लिए 1090, महिला हेल्पलाइन के लिए 181, चाइल्ड हेल्पलाइन के लिए 1098, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 और एंबुलेंस सेवा के लिए 108 नंबर शामिल हैं।
पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर चुप रहने के बजाय निडर होकर पुलिस की सहायता लें। जागरूकता ही सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को मिष्ठान वितरित किया गया
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पाण्डेय, महिला उपनिरीक्षक कोमल कश्यप, महिला पुलिसकर्मी सलमा बानो, रजनी राजपूत, रोमी चौधरी, नीदा अंजुम और स्मिता सैनी सहित मिशन शक्ति टीम के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति सजग करना तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक बनाना रहा।
