रिसिया में धूमधाम से निकली रामलीला की भव्य शोभायात्रा, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा कस्बा !
शताब्दी वर्ष मना रही रामलीला समिति, जगह-जगह हुई !
पूजा-अर्चना और पुष्पवर्षा; 22 अक्टूबर को होगा दशहरा मेला
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
रिसिया कस्बे में रविवार शाम श्रीरामलीला समिति की ओर से भव्य शोभायात्रा निकालकर रामलीला महोत्सव का शुभारंभ किया गया। इस वर्ष समिति अपना शताब्दी वर्ष मना रही है, जिसके तहत कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवा और बच्चे शामिल हुए। भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा कस्बा भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर सरस्वती नगर, इंदिरा नगर, स्टेशन चौराहा, बाबा पेड़ा चौराहा, आजाद नगर, देवीपुरा, शास्त्रीनगर और नानकपुरा सहित विभिन्न मोहल्लों से होते हुए वापस रामलीला मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान जगह-जगह भगवान श्रीराम और माता सीता के स्वरूपों की पूजा-अर्चना की गई तथा पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु –
शोभायात्रा के दौरान भक्ति गीतों और जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। युवा और बच्चे पूरे उत्साह के साथ शोभायात्रा में आगे बढ़ते रहे। कई स्थानों पर लोगों ने अपने घरों की छतों से पुष्पवर्षा की। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया और मंदिरों के दर्शन भी किए।
22 अक्टूबर को लगेगा दशहरा मेला –
समिति के जयप्रकाश अग्रहरि ने बताया कि रविवार रात शिव-पार्वती विवाह और गणेश जन्म की लीला का मंचन किया जाएगा। वहीं, 22 अक्टूबर को दशहरा मेले का आयोजन होगा, जिसमें वृंदावन धाम के कलाकारों द्वारा रावण वध की लीला का मंचन किया जाएगा।
शोभायात्रा में समिति के अध्यक्ष मदन गोपाल, यज्ञ सैनी, एवं मनीष गुप्ता, अशोक कुमार शर्मा सभासद, सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। रामलीला महोत्सव को लेकर कस्बे में उत्साह का माहौल है।
