महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल का डीएम व एसपी ने किया निरीक्षण ।
सम्बन्धित अधिकारियों को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश ।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच ।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में 17 सितम्बर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारम्भ किया गया।

अभियान के शुभारम्भ अवसर पर महाराजा सुहेलदेव जी के विजय उत्सव के अवसर पर विकास खण्ड चित्तौरा अन्तर्गत चित्तौरा झील के तट पर स्थित महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल पर शाम को आयोजित होने वाले दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम की तैयारियों का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार सहित सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने तैयारियों का जायजा लेते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि चित्तौरा झील के सभी घाटों पर दीप प्रज्ज्वलन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही झील एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिये।

इसके उपरान्त जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्माणाधीन महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने महाराजा सुहेलदेव जी की अश्वारोही प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। जिलाधिकारी ने स्मारक स्थल पर कार्यक्रम से सम्बन्धित सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिये।


