2023 में हुआ था भव्य शुभारंभ, अब झाड़-झंखाड़ और उपेक्षा बनी ओपन जिम की पहचान।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वस्थ रखने और व्यायाम की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रिसिया ब्लॉक परिसर में वर्ष 2023 में ओपन जिम की स्थापना की गई थी। तत्कालीन खंड विकास अधिकारी विनोद यादव के कार्यकाल में तैयार हुए इस ओपन जिम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख रीना जायसवाल द्वारा बड़े जोर-शोर से किया गया था।
शुभारंभ के समय लाखों रुपये की लागत से लगाए गए उपकरणों को लेकर लोगों में काफी उत्साह था। लेकिन समय बीतने के साथ ओपन जिम की हालत बद से बदतर होती चली गई। वर्तमान में परिसर में लगे कई उपकरण जंग की चपेट में बताए जा रहे हैं, जबकि आसपास उगी झाड़ियां और घास इसकी बदहाली की तस्वीर बयां कर रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस उद्देश्य से ओपन जिम बनाया गया था, उसकी नियमित देखरेख और साफ-सफाई पर ध्यान दिया जाता तो इसका लाभ क्षेत्रवासियों को लगातार मिल सकता था। लाखों की लागत से लगाए गए उपकरणों की इस तरह उपेक्षा पर जिम्मेदारों की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
जिम्मेदारों की चुप्पी पर भी सवाल-
ओपन जिम की बदहाल स्थिति को लेकर जब वर्तमान खंड विकास अधिकारी, रिसिया से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो सीयूजी नंबर पर संपर्क नहीं हो सका। ऐसे में सवाल उठता है कि सरकारी धन से तैयार कराई गई सार्वजनिक सुविधा की देखरेख की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
अब देखना होगा कि क्या जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण कर ओपन जिम की सफाई, मरम्मत और उपकरणों को दुरुस्त कराने की पहल करते हैं या लाखों रुपये की लागत से तैयार यह सुविधा इसी तरह उपेक्षा का शिकार बनी रहती है।
