परिवार परामर्श केंद्र की पहल से बची चार खुशियां, आपसी सुलह से फिर एक हुए परिवारवाद।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में पारिवारिक रिश्तों को मजबूत बनाने की दिशा में परिवार परामर्श केंद्र लगातार सकारात्मक भूमिका निभा रहा है। बुधवार को पुलिस कार्यालय स्थित परिवार परामर्श केंद्र में आपसी विवाद से जूझ रहे चार परिवारों के बीच सफल सुलह कराई गई, जिससे टूटने की कगार पर पहुंचे परिवारों में फिर से खुशियां लौट आईं।
परिवार परामर्श केंद्र को प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना गया। काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों को आपसी संवाद, विश्वास और पारिवारिक जिम्मेदारियों का महत्व समझाया गया। समझाइश के बाद सभी दंपतियों ने भविष्य में विवाद न करने, एक-दूसरे का सम्मान करने तथा प्रेम और सामंजस्य के साथ जीवन व्यतीत करने का संकल्प लिया।
सुलह के उपरांत परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने सभी पक्षों को पारिवारिक दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने और किसी भी मतभेद का समाधान बातचीत के माध्यम से करने की सलाह दी।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका –
परिवार परामर्श केंद्र की टीम में उपनिरीक्षक रमाशंकर मिश्रा, मुख्य आरक्षी संगीता यादव, महिला आरक्षी गिरजावती यादव एवं महिला आरक्षी छाया द्विवेदी ने सभी मामलों में सकारात्मक काउंसलिंग कर समझौता कराने में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस की इस पहल को सामाजिक रिश्तों को बचाने और परिवारों में आपसी सौहार्द बनाए रखने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।
