672 वां रैंक पाकर डॉ0 सूरज पटेल ने यूपीएससी में पाई सफलता, क्षेत्र में खुशी का माहौल।
ब्यूरो रिपोर्ट- के0 पी0 मौर्य
संतकबीर नगर-
संत कबीर नगर जनपद के होनहारों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पक्के इरादे हो और कड़ी मेहनत से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। जनपद अंतर्गत बघौली ब्लॉक के ग्राम तिघरा निवासी डॉ. सूरज पटेल ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में 672 वाँ रैंक से उत्तीर्ण कर जनपद संत कबीर नगर का मान बढ़ाया है।
डॉ0 सूरज की इस उपलब्धि से न केवल उनके पैतृक गांव, बल्कि पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।
कठिन परिश्रम से साकार होता है सपना-
डॉ0 सूरज पटेल दिल्ली में रहकर सिविल सेवा की तैयारी कर रहे थे। चिकित्सा क्षेत्र की पृष्ठभूमि होने के बावजूद उन्होंने प्रशासनिक सेवा के जरिए समाज की सेवा करने का लक्ष्य निर्धारित किया था।
उनके परिजनों के अनुसार, सूरज बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं और घंटों पढ़ाई में रमे रहते थे। उनकी इस सफलता पर सेमरियावा ब्लॉक में तैनात एडीओ पंचायत राधेश्याम चौधरी (डॉ0सूरज के चाचा) ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सूरज के धैर्य और अटूट समर्पण का परिणाम है जो आज इस मुकाम पर पहुंच कर बस्ती मण्डल का मान बढ़ाया।
गांव में जश्न का माहौल है जानने वाले लोगों द्वारा बधाईयां देने का तांता लगा हुआ है।
जैसे ही डॉ0 सूरज के चयन की आधिकारिक सूचना मिली, तिघरा गांव और उनके शुभचिंतकों में जश्न शुरू हो गया।
लोग एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सूरज की सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी एक नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी।
डॉ0 सूरज पटेल ने बताया कि मेरा सपना शुरू से ही प्रशासनिक सेवा में जाकर देश के विकास में योगदान देना था। इस सफलता का श्रेय मैं अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के लोगों देता हूं।
