दुधारा पुलिस की बड़ी कामयाबी, साइबर ठगी के शिकार तीन पीड़ितों के खातों में वापस कराए लगभग 30 हजार रुपये!
संतकबीरनगर |
संतकबीरनगर पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘साइबर क्रैक अभियान’ के तहत थाना दुधारा पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है। पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष दुधारा श्री अमित कुशवाहा के नेतृत्व में थाना दुधारा की साइबर सेल ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार 3 पीड़ितों की कुल ₹29,635.49 की धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की है।

मामलेवार विवरण:
दरियाबाद निवासी सितारा खातून: मोबाइल हैक कर ₹24,000 की ठगी की गई थी, जिसके एवज में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर ₹20,000 वापस कराए।
केसारी निवासी फरीदुद्दीन: फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर अश्लील वीडियो के नाम पर धमकाकर ₹66,700 की ठगी की गई थी, जिसमें से ₹7,322.49 वापस कराए गए।
बिगरा अव्वल निवासी मोहनलाल (पूर्व प्रधान): सरकारी योजना का पैसा दिलाने का झांसा देकर ₹22,500 की ठगी की गई थी, जिसमें से ₹2,313 वापस कराए गए।
यह पूरी रकम एमआरएम पोर्टल (MRM Portal) और बैंकिंग प्रक्रिया के माध्यम से पीड़ितों के बैंक खातों में सुरक्षित वापस भेजी गई है। पुलिस टीम द्वारा शेष बची हुई धनराशि की रिकवरी के लिए संबंधित बैंकों और वित्तीय संस्थाओं से लगातार पैरवी की जा रही है।

सराहनीय भूमिका निभाने वाली साइबर हेल्प डेस्क टीम:-
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक श्री राम वशिष्ट, कांस्टेबल अनुज कुमार, ऋषिकेश यादव, हर्ष सिंह राजकुमार और महिला कांस्टेबल एकता सिंह की मुख्य भूमिका रही।
पुलिस की अपील:
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार का साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी (OTP, UPI PIN, ATM/CVV) किसी के साथ शेयर न करें और किसी भी अज्ञात या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

