शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दृष्टिगत जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक बहराइच ने थाना पयागपुर क्षेत्र में किया पैदल गश्त, दुर्गा पूजा पंडालों का किया निरीक्षण !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 19 अक्टूबर।
शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा त्योहारों को सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को देर शाम जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा थाना पयागपुर क्षेत्रांतर्गत पुलिस बल के साथ पैदल गश्त किया गया तथा विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों द्वारा क्षेत्र के प्रमुख मार्गों एवं दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि दुर्गा पूजा पंडालों एवं विसर्जन मार्गों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दृष्टिगत संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस बल को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा क्षेत्र में निरंतर भ्रमणशील रहकर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा अराजक गतिविधि की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए तथा आमजन से संवाद स्थापित कर त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई।
गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी पयागपुर कनिष्क आर. जामकर सहित अन्य पुलिस बल मौजूद रहा।
