रोशनी से जगमगाए दुर्गा पूजा पंडाल, मां की आराधना में लीन दिखे श्रद्धालु !
डॉ. राजू निगम और पूर्व चेयरमैन राजेश निगम ने की मां की आरती, भक्ति गीतों से गूंजे गली-मोहल्ले !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
शारदीय नवरात्र के सातवें दिन शनिवार को रिसिया कस्बा मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर रहा। मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। शाम होते ही दुर्गा पूजा पंडालों में रौनक बढ़ गई। आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से सजे पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। देर शाम तक विभिन्न पंडालों में मां की आरती और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मां कालरात्रि की आराधना के अवसर पर श्रद्धालु धूप-दीप लेकर पंडालों में पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। जगह-जगह गूंजते ‘जय माता दी’ के जयकारों से पूरा कस्बा भक्तिमय नजर आया।
इस दौरान डॉ. राजू निगम और पूर्व चेयरमैन राजेश निगम ने मां दुर्गा की आरती की। आरती के दौरान पंडाल तालियों और शंखनाद से गूंज उठे। समाजसेवी डॉ. शिवेंद्र ठाकुर ने भी मां की आरती कर आशीर्वाद लिया। पुरोहित आलोक शास्त्री सहित अन्य श्रद्धालु भी पूजा-अर्चना में लीन रहे।
कस्बे के विभिन्न मोहल्लों में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। शास्त्री नगर स्थित मां संतोषी मंदिर पर बिरजू गुप्ता अपनी टीम के साथ प्रसाद वितरण और प्रकाश व्यवस्था में जुटे रहे। उनकी टीम में सुशील, प्रभात, आलोक और अविनाश शामिल रहे। वहीं, चरिसिया बाबा कुटी पर दुर्गेश प्रजापति और आकाश गुप्ता ने व्यवस्थाएं संभालीं।
इंदिरा नगर में जितेंद्र गुप्ता और सोनू साहू ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। आजाद नगर में गौरव गर्ग और रूपेश शर्मा के पंडाल में भी भक्तों की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा।
नवरात्र के सातवें दिन कस्बे में चारों ओर भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने मां कालरात्रि की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
