अवैध एवं ओवरलोडेड वाहनों तथा अवैध बालू खनन के विरूद्ध प्रवर्तन की प्रभावी कार्यवाही करने के दिये गये निर्देश !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 18 अक्टूबर।
कर-करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा हेतु शनिवार शाम को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कर-करेत्तर से सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के लिए अभियान संचालित किया जाय। श्री पाण्डेय ने कहा कि सभी विभाग मासिक लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करें। सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अपने स्तर पर भी नियमित रूप से वसूली की समीक्षा करते रहें।
कर-करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान डीएम ने कर-करेत्तर से सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि माहवार निर्धारित लक्ष्य तथा गत वर्ष इस माह तक की गई राजस्व वसूली से कम वसूली नहीं होनी चाहिए। डीएम ने सम्बन्धित विभागों को मानक के अनुसार प्रवर्तन की कार्यवाही करने के भी निर्देश दिये। विभागों से कहा गया कि मानक के अनुसार प्रवर्तन की कार्यवाही अधिक से अधिक राजस्व वसूली सुनिश्चित करें। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि मण्डल के अन्य जनपदों के सापेक्ष जिले की वसूली कम नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने खनन अधिकारी को निर्देश दिया कि अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश के लिए प्रवर्तन की कार्यवाही करते हुए अवैध खनन में संलिप्त लोगों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाय तथा खनन में संलिप्त वाहनों को सीज़ किया जाय। संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिले में अभियान संचालित कर डग्गामार वाहनों, अवैध रूप से संचालित बसों तथा ओवर लोडेड वाहनों की जांच कर उनके विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई करें। डीएम ने आबकारी अधिकारी को निर्देश दिया कि राजस्व आबकारी शुल्क की वसूली की प्रगति में सुधार लायें।
कर-करेत्तर राजस्व की मदवार समीक्षा में पाया गया कि माह सितम्बर 2026 अन्तर्गत वाणिज्य कर में निर्धारित लक्ष्य रू. 2138.25 लाख के सापेक्ष 1288.02 लाख की वसूली हुई जो लक्ष्य का 60.24 प्रतिशत, स्टाम्प तथा निबन्धन मद में लक्ष्य रू. 2048.00 लाख के सापेक्ष 1704.30 लाख की वसूली हुई जो लक्ष्य का 83.22 प्रतिशत, राज्य आबकारी मद में लक्ष्य रू. 4821.00 लाख के सापेक्ष 4044.58 लाख की वसूली हुई जो लक्ष्य का 83.90 प्रतिशत, बैंक देय मद में लक्ष्य रू. 301.32 लाख के सापेक्ष 481.17 लाख की वसूली हुई जो लक्ष्य का 159.69 प्रतिशत तथा विद्युत मद में लक्ष्य रू. 3520.00 लाख के सापेक्ष 3490.00 लाख की वसूली हुई जो लक्ष्य का 99.15 प्रतिशत, परिवहन मद में लक्ष्य रू. 656.65 लाख के सापेक्ष 473.05 लाख की वसूली हुई जो लक्ष्य का 72.04 प्रतिशत, वानिकी एवं वन्य जीव मद में लक्ष्य रू. 207.33 लाख के सापेक्ष 135.42 लाख की वसूली हुई जो लक्ष्य का 65.32 प्रतिशत इसी प्रकार कुल 17 मदों में लक्ष्य रू. 14409.32 लाख के सापेक्ष 11924.43 लाख की वसूली हुई जो लक्ष्य का 82.76 प्रतिशत पायी गयी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे सहित कर करेत्तर से सम्बन्धित विभागों के अधिकारी व कलेक्ट्रेट के पटल सहायक मौजूद रहे जबकि समस्त एसडीएम द्वारा वर्चुअली बैठक में प्रतिभाग किया।
