विसर्जन को लेकर प्रशासन और दुर्गा पूजा महासमिति आमने-सामने बैठे, सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन !
मूर्ति विसर्जन की तैयारियों को लेकर दुर्गा पूजा महासमिति की बैठक, शांतिपूर्ण शोभायात्रा निकालने पर जोर !
संतोषी माता मंदिर से सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक निकाली जाएगी शोभायात्रा, सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे वालंटियर
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को दुर्गा पूजा महासमिति के अध्यक्ष डॉ. राजू निगम के आवास पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विसर्जन शोभायात्रा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और पुरानी परंपरा के अनुसार आयोजन संपन्न कराने को लेकर चर्चा की गई।
दुर्गा पूजा महासमिति के अध्यक्ष डॉ. राजू निगम ने बताया कि विसर्जन के दिन सभी दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी निर्धारित समय से पहले की तरह सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे के बीच संतोषी माता मंदिर पर पहुंचेंगे। यहां से परंपरागत तरीके से शांतिपूर्ण ढंग से शोभायात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने सभी समितियों के पदाधिकारियों से समय का विशेष ध्यान रखने और आयोजन में आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की।

वालंटियर संभालेंगे व्यवस्था की जिम्मेदारी –
डॉ. राजू निगम ने बताया कि शोभायात्रा को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए दुर्गा पूजा महासमिति की ओर से वालंटियर नियुक्त किए जाएंगे। सभी वालंटियर को पहचान पत्र (आईडी कार्ड) दिए जाएंगे, ताकि उनकी पहचान सुनिश्चित हो सके। वालंटियर को शोभायात्रा के दौरान अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के निर्देश दिए जाएंगे।
बैठक में पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने भी व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। सभी पूजा समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर चलने तथा शोभायात्रा के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
इस मौके पर रिसिया थाना प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पाण्डेय, पूर्व चेयरमैन राजेश निगम, उपनिरीक्षक किशन कुमार, सभासद राकेश निगम, आकाश गुप्ता, अरविंद, अमित यादव, शैकी निगम, नंदन श्रीवास्तव, शनि वैश्य, अर्पित गुप्ता, सहित दुर्गा पूजा महासमिति एवं विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
