सभी की भागीदारी लोकतंत्र को सशक्त बनाएगी, कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे: डीएम !
मतदेय स्थल पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज रमपुरवा एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय टिकोरा मोड़ का डीएम ने किया निरीक्षण !
विशेष अभियान में संचालित गतिविधियों का लिया जायज़ा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 17 अक्टूबर।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कोई मतदाता न छूटे (नो वोटर टू बी लेफ्ट बिहाईन्ड) के उद्देश्य से संचालित विशेष अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विशेष कैंप दिवस पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्वत के साथ मतदान केन्द्र राजकिय इंटर कॉलेज रमपुरवा एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय टिकोरा मोड़ का निरीक्षण कर विशेष अभियान दिवस के अवसर पर संचालित गतिविधियों का जायज़ा लिया। डीएम ने मतदान केन्द्रों पर मौजूद अधिकारियों को मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने, त्रुटियों के सुधार तथा पुनरीक्षण कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। विशेष अभियान दिवस में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया जाए तथा सूची में दर्ज विवरणों का वास्तविक स्थिति से मिलान सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने मतदान केन्द्र पर मौजूद कार्मिकों से फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची से किसी भी व्यक्ति का नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 प्राप्त होने पर संबंधित प्रकरण का नियमानुसार मौके पर सत्यापन अवश्य किया जाए।
डीएम ने कहा कि सत्यापन के उपरांत संबंधित उप जिला अधिकारी को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मतदाता सूची में नाम, आयु एवं अन्य विवरणों से संबंधित त्रुटियों को दूर करने के लिए संबंधित व्यक्तियों एवं उनके परिजनों से संवाद स्थापित कर वास्तविक तथ्यों के आधार पर संशोधन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य पूर्ण शुद्धता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र पर उपस्थित युवक-युवतियों से संवाद कर उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मतदान के अधिकार एवं लोकतंत्र में प्रत्येक मत की महत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला हैं। उन्होंने पात्र युवाओं से निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। डीएम ने आमजन से अपील की कि अपनी अद्यतन फोटो, जन्म तिथि एवं निवास से सम्बन्धित अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रति तथा यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाना फोटो पहचान पत्र की संख्या उपलब्ध है, तो उसके साथ उपस्थित होकर निर्वाचक नामावली में अपना नाम सम्मिलित करा सकते हैं।
