थाना समाधान दिवस में संवेदनशील दिखीं एसडीएम मोनालिसा जौहरी, फरियादियों की समस्याएं सुन निस्तारण के दिए निर्देश !
शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर, राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम करेगी स्थलीय जांच !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच।
मोतीपुर थाने में शनिवार को एसडीएम मोनालिसा जौहरी की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस दौरान एसडीएम ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण पर स्वयं ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।

थाना समाधान दिवस में प्राप्त हुई ऐसी शिकायतें जिनका मौके पर निस्तारण संभव नहीं हो सका, उनमें राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को स्थलीय जांच कर निष्पक्षता के साथ शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग के बीच समन्वय बनाकर कार्रवाई करने पर जोर दिया। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि फरियादियों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कर प्रशासन के प्रति उनका विश्वास मजबूत करना है। थाना समाधान दिवस में सी.ओ. मिहीपुरवा, तहसीलदार मिहीपुरवा, थानाध्यक्ष मोतीपुर व राजस्व कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

