गायत्री विद्यापीठ पीजी कॉलेज रिसिया में हुआ ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम।
प्रधानमंत्री के उद्बोधन को सुनकर खेल प्रतिभाओं एवं स्वयंसेवकों ने लिया प्रेरणा का संकल्प।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
गायत्री विद्यापीठ पीजी कॉलेज, रिसिया में शुक्रवार को ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री के उद्बोधन को सुनने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों, महाविद्यालय की खेल प्रतिभाओं, प्राचार्य, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर खेलो इंडिया फुटबॉल से विनोद कुमार एवं भारतीय खेल प्राधिकरण से आयुष पाण्डेय उपस्थित रहे। उन्होंने महाविद्यालय की खेल प्रतिभाओं शिवांशु कश्यप, मनीष यादव एवं कुलदीप यादव सहित छात्र-छात्राओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा विभिन्न क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. दिव्य दर्शन तिवारी ने कहा कि महाविद्यालय की खेल प्रतिभाओं को आगे आकर विश्वविद्यालय सहित देश की विभिन्न क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में अधिकाधिक प्रतिभाग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के माध्यम से हमारे विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि 2036 में आयोजित होने वाले ओलंपिक खेलों में महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय के प्रतिभावान खिलाड़ी अपना प्रतिनिधित्व करें।

महाविद्यालय के वरिष्ठ कार्यक्रमाधिकारी डॉ. मुकेश चन्द्र श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। वहीं कार्यक्रमाधिकारी द्वितीय डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने एवं पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं समर्पण व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. डॉ. दिव्य दर्शन तिवारी, डॉ. सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, प्रो. डॉ. दया राम यादव, डॉ. मुकेश चन्द्र श्रीवास्तव, डॉ. आशुतोष त्रिपाठी, डॉ. पवन कुमार वर्मा, डॉ. दुर्गेश श्रीवास्तव, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, डेविड कुमार पांडे, सत्यम सिंह, रवींद्र श्रीवास्तव, राजेश्वर प्रसाद सहित महाविद्यालय के समस्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उपस्थित रहे।
