रक्षाबंधन की पावन डोर से मजबूत हुआ पुलिस-जन संवाद।
सरस्वती शिशु मंदिर की छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों को बांधी राखी, सुरक्षा और विश्वास का दिया संदेश।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच, 27 अगस्त 2026।
आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर सरस्वती शिशु मंदिर, बहराइच की छात्राओं एवं शिक्षकगण ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधिकारियों को राखी बांधी। छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

राखी बांधने के इस आत्मीय अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं का स्नेहपूर्वक स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, सुरक्षा, सम्मान और जिम्मेदारी के संकल्प का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बहराइच पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सुनिश्चित करने के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ निरंतर कार्य कर रही है।

छात्राओं को निडर होकर आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित-
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं छात्राओं के बीच आत्मीय संवाद भी हुआ। छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों के प्रति सम्मान और विश्वास व्यक्त किया। वहीं पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को निडर होकर आगे बढ़ने, मन लगाकर शिक्षा ग्रहण करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

रक्षाबंधन के इस अवसर पर पुलिस और छात्राओं के बीच अपनत्व एवं विश्वास की भावना देखने को मिली। राखी की पावन डोर ने पुलिस एवं समाज के बीच सहयोग, संवेदनशीलता और सुरक्षा के रिश्ते को और मजबूत किया।
“रिश्तों की डोर विश्वास से मजबूत होती है,
और सुरक्षा का संकल्प समाज को सशक्त बनाता है।”
“राखी का बंधन—स्नेह, सम्मान और सुरक्षा का संकल्प।”

