बहराइच – नवकृषि नेटवर्क परियोजना के अंतर्गत तकनीकी कार्यशाला का आयोजन।
Oplus_16908288
नवकृषि नेटवर्क परियोजना के अंतर्गत तकनीकी कार्यशाला का आयोजन।
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच।
महिलाओं के उद्यमिता सशक्तिकरण एवं कृषि में आधुनिक तकनीकों के प्रसार के उद्देश्य से उद्यमी महिला प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के तत्वावधान में एक तकनीकी कार्यशाला (Technology Workshop) का सफल आयोजन बीपीडी रिसॉर्ट, रिसिया, जनपद बहराइच में किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन ACCESS Development Services द्वारा किया गया, जो नवकृषि नेटवर्क परियोजना के अंतर्गत संचालित है। उक्त परियोजना को गेट्स फाउंडेशन का सहयोग प्राप्त है।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिला किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), शेयरधारकों एवं कृषि से जुड़े हितधारकों को उन्नत, किफायती एवं उपयोगी कृषि तकनीकों से अवगत कराना तथा उनकी आय में वृद्धि हेतु नवाचारों को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न आधुनिक कृषि उपकरणों एवं तकनीकों का प्रदर्शन एवं व्यावहारिक उपयोग (डेमोंस्ट्रेशन) किया गया। इसमें मैनुअल सीडर, मैनुअल वीडर, सोलर लाइट ट्रैप, फेरोमोन ट्रैप, स्टिकी ट्रैप, मृदा परीक्षण (Soil Testing) तथा अनाज गुणवत्ता जांच हेतु नमी मापक यंत्र (Moisture Meter) का उपयोग विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। मक्का, मसूर सहित अन्य अनाजों की गुणवत्ता जांच में नमी मापक यंत्र की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में लालजी तिवारी (मैनेजर) एवं स्वामी शरण (मैनेजर) ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए नवकृषि नेटवर्क परियोजना के उद्देश्यों एवं इसके लाभों पर प्रकाश डाला। आशीष कुमार यादव एवं संगीता चौहान (सीनियर प्रोजेक्ट को ऑर्डिनेटर) ने तकनीकी सत्रों का संचालन करते हुए उपकरणों के सही उपयोग, रख-रखाव एवं लागत लाभ विश्लेषण की जानकारी साझा की।
कार्यशाला में बाबुल निशा (चेयरमैन, एफपीओ), नगीना (डायरेक्टर, एफपीओ), ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, फील्ड कोऑर्डिनेटर, कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन तथा बड़ी संख्या में एफपीओ के शेयरधारक एवं किसान प्रतिभागी उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने तकनीकों में गहरी रुचि दिखाई और प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार की उपयोगी तकनीकी कार्यशालाओं के आयोजन का आश्वासन दिया गया।
